शेखपुरा, उमेश कुमार : आगामी रामनवमी और ईद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी कड़ी में टाउन थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एडिशनल एसएचओ धनंजय दास ने की।
बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान रामनवमी के जुलूस को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूस केवल लाइसेंस प्राप्त रूट पर ही निकाला जाएगा। साथ ही जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के हथियार के प्रदर्शन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुलूस के दौरान पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा शांति समिति के सदस्य भी वॉलिंटियर्स के रूप में सहयोग करेंगे। जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी।
वहीं ईद के मौके पर भी सभी मस्जिदों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। बैठक में थाना में पदस्थापित अमित कुमार, राजकुमार, पंकज सिंह, रामलखन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वार्ड पार्षद दीपक बाबू, चंदन कुमार, अंजली यादव, मुरारी कुमार, आकाश कश्यप, रोहित कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
