पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना महिला महाविद्यालय में प्लेसमेंट एवं करियर काउंसलिंग सेल द्वारा आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग से सेमेस्टर-5 के स्नातक विद्यार्थियों के लिए प्री-प्लेसमेंट वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आईसीआईसीआई बैंक के प्रोबेशनरी ऑफिसर कार्यक्रम के तहत रिलेशनशिप मैनेजर पद से संबंधित करियर अवसरों को लेकर किया गया। कार्यक्रम में आईसीआईसीआई बैंक के प्रतिनिधि लोकनाथ मंडल, मानव संसाधन प्रबंधक रेचल गोम्स एवं क्षेत्रीय प्रमुख आलोक वर्धन ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। प्रतिनिधियों ने प्रोबेशनरी ऑफिसर कार्यक्रम, रिलेशनशिप मैनेजर की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों तथा चयन प्रक्रिया के लिए आवश्यक कौशल एवं दक्षताओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का आयोजन गौतम सौरभ, सहायक प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी एवं सहायक प्राध्यापक, वाणिज्य विभाग; श्री अद्वैत्य सिन्हा, सहायक प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी एवं सहायक प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान विभाग; तथा श्री राजीव रंजन, सदस्य, प्लेसमेंट एवं करियर काउंसलिंग सेल एवं सहायक प्राध्यापक, प्राणी विज्ञान विभाग के मार्गदर्शन में किया गया।
सत्र का संचालन अलीबा नदीम एवं सुश्री सोनल कुमारी, समन्वयक, प्लेसमेंट सेल एवं छात्र परिषद् 2026-27 ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित करने के साथ विद्यार्थियों एवं बैंक प्रतिनिधियों के बीच संवाद को प्रभावी बनाया। प्री-प्लेसमेंट वार्ता के दौरान विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र, प्रोबेशनरी ऑफिसर कार्यक्रम और रिलेशनशिप मैनेजर पद से जुड़ी व्यावसायिक अपेक्षाओं की जानकारी मिली। संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने करियर अवसरों एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका बैंक प्रतिनिधियों ने जवाब दिया। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।
