बिहार

पटना से 25 किमी दूर 100 घर अंधेरे में, बार-बार जल रहा ट्रांसफार्मर

फुलवारीशरीफ, अजीत। राजधानी पटना से महज 25 से 30 किलोमीटर दूर गौरीचक थाना क्षेत्र की बरावां पंचायत के उड़ान टोला में ट्रांसफार्मर जलने से 100 से अधिक घरों की बिजली गुल है. महादलित मांझी समुदाय की इस बस्ती में ग्रामीणों का कहना है कि एक साल में कई बार ट्रांसफार्मर जल चुका है, लेकिन अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा रहा है। पूर्व वार्ड सदस्य उपेंद्र चौधरी ने बताया कि बस्ती में गरीब मांझी समुदाय के बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं. बार-बार ट्रांसफार्मर जलने से लोगों को परेशानी होती है. ग्रामीणों ने स्थायी समाधान के लिए बड़ा ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।

पूर्व मुखिया प्रतिनिधि धनंजय मधु ने कहा कि उड़ान टोला फुलवारी शरीफ सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में आता है. क्षेत्र के विधायक श्याम रजक लंबे समय तक राज्य सरकार में ऊर्जा राज्य मंत्री रह चुके हैं. पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र की सांसद डॉ. मीसा भारती हैं. इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती की समस्या देखने कोई जनप्रतिनिधि नहीं पहुंच रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान ही नेता दिखाई देते हैं, इसके बाद गरीब बस्ती की सुध लेने कोई नहीं आता।

ग्रामीणों ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं जले ट्रांसफार्मर के बदले जाने और अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने का इंतजार कर रहे हैं. उनकी मांग है कि बस्ती में जल्द बड़ा ट्रांसफार्मर लगाकर घरों में बिजली की रोशनी बहाल की जाए।

उड़ान टोला की बिजली व्यवस्था की निगरानी संपतचक के सोहगी मोड़ स्थित सोहगी पावर ग्रिड से होती है. बिजली विभाग के स्थानीय एसडीओ ने बताया कि जेई से मिली जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर एक दिन पहले जला है. उन्होंने ग्रामीणों के बार-बार ट्रांसफार्मर जलने के आरोप को गलत बताया और कहा कि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा।

Related posts

जमुई छेड़छाड़ मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली!

फुलवारी के खलीलपुरा में एसी-फ्रिज मैकेनिक की संदिग्ध मौत!

पटना वीमेंस कॉलेज में आईसीआईसीआई बैंक ने प्री-प्लेसमेंट वार्ता का किया आयोजन

error: