सोहना गुडगांव
गुरुग्राम, सुशीला देवी : अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने आदतन अपराधियों और उनके कथित अवैध निर्माणों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 ने जिला प्रशासन के सहयोग से धनवापुर गांव में एक अवैध निर्माण को मशीनरी की मदद से ध्वस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई अभिषेक उर्फ नीटू निवासी धनवापुर के खिलाफ की गई। उसके विरुद्ध हत्या, मारपीट और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न गंभीर आरोपों से जुड़े 09 आपराधिक अभियोग दर्ज हैं।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने धनवापुर में करीब 50 वर्ग गज भूमि पर अवैध रूप से मकान का निर्माण किया था। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को मूल स्वरूप में बहाल किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखी। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि आदतन अपराधियों की संपत्तियों की लगातार समीक्षा की जा रही है और अवैध कब्जों तथा अपराध से जुड़े आर्थिक तंत्र के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
