पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद (Bihar State Allied & Healthcare Council) के सदस्य के रूप में रंजीत कुमार के मनोनयन पर पैरामेडिकल एसोसिएशन ऑफ बिहार ने खुशी जताई है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं बिहार के विभिन्न जिलों के पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं ने रंजीत कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बधाई देने वालों में अध्यक्ष भारत भूषण, सचिव सुरेंद्र कुमार सुमन, उपाध्यक्ष दिग्विजय प्रताप नारायण सिंह, कोषाध्यक्ष आशुतोष नंदन, संगठन प्रभारी कृष्ण कुमार, डॉ. नीतिश कुमार, डॉ. अमित कुमार, डॉ. रुपेश कुमार, मनोहर कुमार, रतन कुमार सहित विभिन्न जिलों के पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं एवं अन्य सदस्य शामिल रहे।
छात्रों की समस्याओं के समाधान की उम्मीद-
एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आशुतोष नंदन ने कहा कि बिहार में पैरामेडिकल काउंसिल का गठन पूरे पैरामेडिकल समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चल रहे संघर्ष के बाद परिषद का गठन हुआ है और इससे पैरामेडिकल एवं Allied Healthcare क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि रंजीत कुमार के परिषद का सदस्य बनने से छात्रहित से जुड़े मुद्दों को उचित मंच मिलने की उम्मीद है। परिषद के माध्यम से शैक्षणिक समस्याओं, समय पर परीक्षा, रजिस्ट्रेशन और रोजगार से जुड़े विषयों पर पहल की अपेक्षा जताई गई है।
एसोसिएशन के अनुसार, कई पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए लंबे समय से सरकारी नियुक्तियां नहीं हुई हैं, जबकि नए पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में पाठ्यक्रमों के अनुरूप सरकारी पदों के सृजन और रोजगार से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभागों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई गई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि रंजीत कुमार परिषद में पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखेंगे तथा उनके अधिकारों, रोजगार के अवसरों और Allied Healthcare क्षेत्र के विकास की दिशा में भूमिका निभाएंगे। एसोसिएशन ने रंजीत कुमार को नए दायित्व के लिए पुनः बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
