फुलवारीशरीफ, अजित। पटना जिले के फुलवारी शरीफ नगर परिषद क्षेत्र में मंगलवार की रात बड़ी वारदात हुई. वार्ड पार्षद की मां के श्राद्ध से लौट रहे रिश्तेदारों को न केवल पीटा गया बल्कि मामले की जानकारी लेने पहुंचे वार्ड पार्षद पति, पुत्र और बहनोई को भी पुलिस के सामने बेरहमी से पीटा गया.पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के वक्त मौके पर डायल 112 की पुलिस मौजूद थी, लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे और वीडियो रिकॉर्डिंग करते रहे. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस घटना में मनोज शर्मा की हालत गंभीर हो गई. उन्हें सिर पर गहरी चोट लगी और फिलहाल वे पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में कोमा की स्थिति में इलाजरत हैं. वहीं वार्ड पार्षद पुत्र अभिषेक कुमार, पति भीम पंडित और उनके बहनोई अखिलेश पंडित सहित कई लोग घायल हुए हैं. भीम पंडित ने बताया कि जब वह डाल ओला पहुंचकर पूजा पंडाल में पूछताछ में बताया गया कि चंदा नहीं देने पर यह मारपीट की गई थी.उन्होंने बताया कि पुलिस के सामने मारपीट की घटना घटी और पुलिस मुक दर्शक बनी रही उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट थाना की पुलिस आई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर नहीं तो किसी की जान मौके पर ही जा सकती थी।
जानकारी के मुताबिक दीघा निवासी ई-रिक्शा चालक राजेश पंडित, जो मृतका का रिश्तेदार हैं, श्राद्धकर्म से लौट रहे थे. जैसे ही वह फुलवारी शरीफ रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास पहुंचे, कुछ युवकों ने उनका ई-रिक्शा रोककर उनसे मारपीट की और करीब 3000 रुपये नगद छीन लिए।
सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद पति भीम पंडित अपने पुत्र अभिषेक कुमार, बहनोई अखिलेश पंडित और अन्य परिजनों के साथ घटनास्थल पहुंचे. वहां ई-रिक्शा आस्था क्लब टहल टोला के पास खड़ा मिला. इसी दौरान कहासुनी हुई और अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। मारपीट करने वालों में आस्था क्लब टहल टोला के निवासी विनोद राय, चुन्नू कुमार, बिट्टू कुमार, कल्लू राय और सुजीद कुमार सहित कई अज्ञात लोगों के नाम सामने आए हैं।
इस मामले में स्थानीय लोगों का कहना है की फुलवारी शरीफ से जगदेव पथ टमटम पड़ाव मार्ग पर रेलवे स्टेशन के पश्चिम अंडरपास बनाया गया है जहां लोगों को आए दिन लूटपाट का शिकार होना पड़ रहा है वहां पुलिस की तैनाती की जानी चाहिए। फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने कहा कि वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
