बिहार

पटना में बाढ़ की स्थिति पर रविशंकर प्रसाद ने अधिकारियों से की बात, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) लगातार हो रही बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर से पटना जिले में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को लेकर पटना साहिब के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारी, पटना सिटी के एसडीएम और बाढ़ अनुमंडल के एसडीएम से विस्तृत चर्चा कर बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति में आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दियारा क्षेत्र, बाढ़ अनुमंडल, बख्तियारपुर, खुशरूपुर, पुनपुन-धरधा नदी के तटीय इलाकों और पटना सिटी के निचले क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों तक बिना देरी राहत सामग्री पहुंचाने और किसी भी परिवार को भूखा नहीं रहने देने के लिए पर्याप्त संख्या में सामुदायिक किचन शुरू करने पर जोर दिया। प्रभावित इलाकों में शुद्ध पेयजल, जीवनरक्षक दवाएं, ओआरएस, ब्लीचिंग पाउडर और पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जलजमाव के कारण संक्रामक बीमारियों के खतरे को देखते हुए सांसद ने मेडिकल टीमों को सक्रिय करने तथा प्रभावित पंचायतों और वार्डों में डॉक्टरों की टीम भेजने और दवा का छिड़काव कराने को कहा। साथ ही, निचले इलाकों में प्रशासनिक अधिकारियों को स्वयं पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन की ओर से सांसद को बताया गया कि जिले के सभी अनुमंडलों में राहत एवं बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी से जारी है। प्रशासन की टीमें 24 घंटे अलर्ट पर हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। रविशंकर प्रसाद ने कहा, “पटना साहिब के लोगों की सुरक्षा मेरी पहली जिम्मेदारी है। इस कठिन घड़ी में मैं और मेरा पूरा कार्यालय पटना की जनता के साथ खड़ा है। राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मैं स्वयं पूरी स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर बनाए हुए हूं।

Related posts

पानी के तेज बहाव में 8 वर्षीय बच्ची की डूबकर मौत, शौच के लिए निकली थी घर से

कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी, कृष्ण-राधा के रूप में सजे बच्चों ने मोहा मन

कनहैया नगर मुसहरी में दर्जनों महादलितों के घर तोड़ने का आरोप, भाकपा माले ने कार्रवाई की मांग की

error: