बिहार

निजी विद्यालय के सुरक्षा प्रहरी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

फुलवारीशरिफ, अजीत। परसा बाजार थाना क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय में कार्यरत सुरक्षा प्रहरी की शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान गौरीचक थाना क्षेत्र के वरुणा गांव निवासी मनिका राय के 35 वर्षीय पुत्र गोप यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गोप यादव शुक्रवार रात प्रतिदिन की तरह ड्यूटी पर गए थे. शनिवार सुबह परिजनों को उनकी मौत की सूचना मिली. प्रारंभिक जानकारी में विद्यालय की छत से गिरने के कारण उनकी मौत होने की बात सामने आई है. सूचना मिलते ही परसा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने विद्यालय परिसर में लगे निगरानी कैमरों के दृश्य भी खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

इधर, मृतक के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि गोप यादव की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को विद्यालय की छत से नीचे फेंका गया. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की जांच तथा निगरानी कैमरों के दृश्यों के विश्लेषण के बाद ही हो सकेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है. यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

केएचपीटी द्वारा पूर्णिया के कृत्यानन्द नगर में सीएचओ एवं एएनएम का टीबी कार्यक्रम पर उन्मुखीकरण कार्यशाला किया गया आयोजित

राजद कार्यालय में संविधान दिवस पर बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र और संविधान की पुस्तक पर माल्यार्पण कर संविधान की रक्षा का संकल्प लिया गया

राज्यभर में औषधि नियंत्रण विभाग की सघन जांच एवं छापेमारी, 17 जिलों में 24 दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण