पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पटना विमेन्स कॉलेज (स्वायत्त) में शुक्रवार को परिसर संरक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन सृष्टि एनवायरनमेंट क्लब, भूगोल विभाग और ईको टास्क फोर्स के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। अभियान में भौतिकी, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, गणित, सांख्यिकी तथा वाणिज्य विभागों की 320 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई अभियान चलाकर कचरे का संग्रह किया और परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाने में योगदान दिया।
आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा व्यक्तिगत और सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ एवं सतत वातावरण बनाने का संदेश देना है। इसके साथ ही छात्राओं को दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सभी सहभागी विभागों के शिक्षकों ने सक्रिय सहयोग और मार्गदर्शन दिया। अभियान का समन्वय प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं ईको टास्क फोर्स के उपाध्यक्ष डॉ. सुमीत रंजन तथा भूगोल विभाग की सहायक प्राध्यापक एवं सृष्टि एनवायरनमेंट क्लब की समन्वयक मीनाक्षी मिश्रा के निर्देशन में किया गया। समापन पर डॉ. सुमीत रंजन और मीनाक्षी मिश्रा ने छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल परिसर की स्वच्छता और सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति आजीवन प्रतिबद्धता भी विकसित करते हैं।
