बिहार

राज्यभर में औषधि नियंत्रण विभाग की सघन जांच एवं छापेमारी, 17 जिलों में 24 दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राज्य में गुणवत्तापूर्ण एवं मानक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत राज्य के 17 जिलों में कुल 22 दवा प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच के दौरान दो प्रतिष्ठान बिना अनुज्ञप्ति के अवैध रूप से संचालित पाए गए। विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 164 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं, जिनका कुल अनुमानित मूल्य 1,02,116 रुपये है।

यह अभियान पूर्वी चंपारण, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पटना, रोहतास, मधेपुरा, गयाजी, बक्सर, सुपौल, नालंदा, मुंगेर, मधुबनी, बेगूसराय, पूर्णिया, सिवान एवं कटिहार जिलों में चलाया गया। इसके तहत पटना के 4 दवा प्रतिष्ठानों में औषधि निरीक्षण टीम द्वारा सघन जांच की गई।

पटना में बद्री फार्मा एवं सरस्वती फार्मा में मिलीं अनियमितताएं

पटना के जी.एम. रोड स्थित बद्री फार्मा में औषधि निरीक्षण टीम द्वारा जांच के दौरान 11 ऐसी औषधियां पाई गईं, जिनके अनुमोदन से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इनमें से चार औषधियों के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं करने पर औषधि अधिनियम के प्रावधानों के तहत फॉर्म-15 जारी किया गया। इसके अतिरिक्त 14 औषधियों के बिक्री बिल भी प्रस्तुत नहीं किए गए। एक औषधि की वास्तविकता को लेकर संदेह पाए जाने पर उसे चिह्नित किया गया तथा दो औषधियों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए।

इसी प्रकार, जी.एम. रोड स्थित आर.सी. पैलेस के सरस्वती फार्मा में औषधि निरीक्षण टीम द्वारा की गई जांच में 11 औषधियों के संबंध में फॉर्म-15 जारी किया गया। प्रतिष्ठान में बिक्री बिलों की कार्बन प्रतियां उपलब्ध नहीं पाई गईं तथा छापेमारी रिपोर्ट में उल्लिखित 15 औषधियों के बिक्री बिल भी प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच के दौरान एक्सपायरी औषधियों के रखरखाव में निर्धारित नियमों का अनुपालन नहीं पाया गया। इसके अतिरिक्त पशु चिकित्सा संबंधी औषधियां भी अलग से भंडारित नहीं की गई थीं। टीम द्वारा तीन औषधियों के नमूने फॉर्म-17 के तहत गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए।

मां भवानी ड्रग हाउस में एक्सपायरी एवं गलत लेबल वाली औषधियां मिलीं

पटना के जी.एम. रोड स्थित मेसर्स मां भवानी ड्रग हाउस में निरीक्षण के दौरान 10,717 रुपये मूल्य की एक्सपायरी औषधियां पाई गईं। प्रतिष्ठान द्वारा एविल टैबलेट (Avil Tablet) की बिक्री का विवरण प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा 18 औषधियों के खरीद बिल उपलब्ध नहीं कराए जाने पर संबंधित औषधियों के संबंध में फॉर्म-15 जारी किया गया। जांच के दौरान दो औषधियों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए। वहीं, 8,925 रुपये मूल्य की एक गलत लेबल वाली (Misbranded) औषधि पाए जाने पर उसे फॉर्म-16 के तहत जब्त किया गया।

पटना के एक अन्य प्रतिष्ठान से औषधियां जब्त, नमूने जांच के लिए लिए गए

पटना में जैन सदन के सामने मंजू विला स्थित एक अन्य दवा प्रतिष्ठान की जांच के दौरान औषधियों से संबंधित अभिलेखों एवं खरीद-बिक्री के दस्तावेजों में अनियमितताएं पाई गईं। यहां से Cefil-CV की 250, 750 एवं 500 एमजी की तीन अलग-अलग बैच की औषधियां जब्त की गईं। इनकी कुल मात्रा 13 स्ट्रिप तथा कुल मूल्य 7,751.60 रुपये है। इसके अतिरिक्त चार प्रकार की औषधियों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए। निरीक्षण में खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किए जाने, बिक्री संबंधी अभिलेख उपलब्ध नहीं होने तथा औषधियों के भंडारण एवं वितरण से संबंधित नियमों के अनुपालन में कमियां भी सामने आईं।

बिना अनुज्ञप्ति संचालित प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में दवाएं जब्त

निरीक्षण के दौरान राज्य के अन्य जिलों में भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर औषधियों को जब्त किया गया। प्रमुख कार्रवाई के तहत डोभी मेडिकल हॉल, गयाजी से Bett Ampoule नामक औषधि जब्त की गई, जिसका मूल्य 1,597 रुपये है। गौतम मेडिकल हॉल, मधुबन, पूर्वी चंपारण में बिना अनुज्ञप्ति के संचालित प्रतिष्ठान से 107 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं, जिनका मूल्य 46,600 रुपये है। पूर्णिया के पोखरिया स्थित बिना अनुज्ञप्ति संचालित प्रतिष्ठान से 34 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं, जिनका मूल्य 12,317 रुपये है। वहीं, प्रिंस मेडिकल एजेंसी, बसंतपुर, सिवान से 14 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं, जिनका मूल्य 14,209 रुपये है।

नियमों के उल्लंघन पर प्रतिष्ठानों से मांगा जा रहा स्पष्टीकरण

निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आलोक में छह प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण प्राप्त किया गया है, जबकि 13 अन्य प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने की कार्रवाई लंबित है। विभाग द्वारा प्राप्त स्पष्टीकरण एवं जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राज्यभर में जारी रहेगा निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान

औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों में दवाओं के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री की नियमित निगरानी की जा रही है। सभी सहायक औषधि नियंत्रकों एवं औषधि निरीक्षकों को दवा प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध अनुज्ञप्ति दवाओं की बिक्री, अनधिकृत रूप से औषधियों का भंडारण एवं वितरण तथा औषधि संबंधी नियमों के उल्लंघन के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में जांच के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य में आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक दवाएं उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related posts

बिहार के पहले स्किन बैंक की स्थापना को मंजूरी, एम्स पटना को मिलेंगे 3.07 करोड़ रुपये

संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, एम्स पटना में गूंजा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का संदेश

केएचपीटी द्वारा पूर्णिया के कृत्यानन्द नगर में सीएचओ एवं एएनएम का टीबी कार्यक्रम पर उन्मुखीकरण कार्यशाला किया गया आयोजित