पटना, जया कुमारी : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण में बिहार के सीतामढ़ी में कचरे की रिसाइकलिंग कर बनाई जा रही बेंच की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने इसे वेस्ट टू वेल्थ का अनूठा उदाहरण बताया।
आकाशवाणी पर प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी भी भगवान उत्सव हॉल, जक्कनपुर, पटना में शामिल हुए।
पीएम मोदी ने क्या कहा
प्रधानमंत्री ने कहा कि सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे से बना यह बेंच न सिर्फ मजबूत, टिकाऊ और आरामदायक है, बल्कि इको फ्रेंडली भी है। यह बताता है कि रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि जीवन का अहम हिस्सा है। यह पहल वेस्ट टू वेल्थ की शानदार मिसाल है।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और जनजीवन से जुड़े विषयों का उल्लेख किया जाना राज्यवासियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
“प्रधानमंत्री जी ने आज सीतामढ़ी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्य को सराहनीय बताया है। मैं इसके लिए उनका आभार प्रकट करता हूं। प्रधानमंत्री जी की बातें साबित करती हैं कि हम बिहारवासी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काफी सजग हैं, जो हम सभी के लिए गौरव का विषय है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बिहार में ‘वेस्ट टू वेल्थ’ को बढ़ावा दिया जाएगा और इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार अपनी सांस्कृतिक धरोहर, कृषि उत्पादों और लोक परंपराओं के माध्यम से देश की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा इन विशेषताओं को राष्ट्रीय मंच पर स्थान दिए जाने से राज्य के लोगों का उत्साह और बढ़ा है।
