बिहार

नशामुक्त युवा ही रखेंगे विकसित भारत और समृद्ध बिहार की मजबूत नींव : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

पटना, नरेश अग्रवाल :  मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत और समृद्ध बिहार की मजबूत नींव रखेंगे। युवा स्वस्थ, अनुशासित और नशे से मुक्त रहेंगे तभी वे अपनी पूरी क्षमता के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने रविवार को लोक भवन, पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुभारंभ किए गए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प’ अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने दीप प्रज्वलित कर बिहार में अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। इसे साकार करने में देश के युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल सरकार या कानून के स्तर पर सफल नहीं हो सकती। इसके लिए व्यापक जन-जागरण और समाज की सहभागिता जरूरी है। इसी कड़ी में बिहार में नशामुक्ति अभियान को और व्यापक बनाने के लिए ब्रह्माकुमारीज के साथ MoU करने की पहल की जाएगी। ब्रह्माकुमारीज ने भारत सरकार के साथ MoU किया है। हम चाहते हैं कि बिहार सरकार के साथ भी यह समझौता हो ताकि अभियान गांव, शहर, विद्यालय और महाविद्यालय तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने बिहार में नशामुक्ति की दिशा में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2016 में पूर्ण शराबबंदी लागू की गई। इसके सकारात्मक परिणाम समाज में दिखाई दे रहे हैं। शराबबंदी से विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ने प्राचीन काल में भारत को ‘स्वर्ण युग’ दिया है। आज फिर बिहार के युवाओं को अपनी ऊर्जा से विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी है। राज्य सरकार शिक्षा को भी प्राथमिकता दे रही है। उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए राज्य में 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और प्रदेश के युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में MY भारत और ब्रह्माकुमारीज की ओर से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और हरित पौधा भेंट किया गया। सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और MY भारत का कैप पहनाकर अभियान से जोड़ा गया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, ब्रह्माकुमारीज बहन वर्णिका, एनसी कैडेट्स, एनएस स्वयंसेवक, आपदा मित्र एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

Related posts

सबका सम्मान, जीवन आसान’ में शेखपुरा डीएम ने सुनीं 12 जन समस्याएं, समय पर निपटारे का दिया निर्देश

शेखपुरा डीएम शेखर आनंद का सख्त फरमान – 2 सप्ताह में निपटाएं सभी लंबित आवेदन, नहीं तो कार्रवाई

बिहार : 15 अगस्त की तैयारियां शुरू, परेड ग्राउंड में होगा मुख्य समारोह – डीएम शेखपुरा ने दिए निर्देश

error: