जहानाबाद, (न्यूज़ क्राइम 24) लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मंडल कारा, जहानाबाद में भी श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों एवं जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के मार्गदर्शन में कारा परिसर में छठ महापर्व पूरे उत्साह और भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है।

इस अवसर पर मंडल कारा में कुल 08 बंदी छठ व्रत कर रहे हैं, जिनमें 03 महिला बंदी भी शामिल हैं। बंदियों की धार्मिक आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए कारा प्रशासन की ओर से व्रतियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उनके लिए अलग वार्ड की व्यवस्था के साथ पूजन सामग्री, प्रसाद एवं नए वस्त्र उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ छठ महापर्व मना सकें।
छठ पूजा के महत्वपूर्ण अनुष्ठान खरना के अवसर पर कारा परिसर में विधिवत महाप्रसाद तैयार किया गया तथा सभी बंदियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं, भगवान सूर्य को संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करने के लिए कारा परिसर में अस्थायी तालाब का निर्माण कराया गया है। साथ ही घाट की आकर्षक सजावट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
इन व्यवस्थाओं का जायजा कारा अधीक्षक श्री अजीत कुमार एवं उपाधीक्षक श्रीमन हेमांशु नारायण ने लिया। कारा प्रशासन का प्रयास है कि बंदियों को भी अपनी धार्मिक परंपराओं और आस्था के अनुरूप छठ महापर्व मनाने का अवसर मिले।
कारा परिसर में छठ महापर्व के आयोजन से श्रद्धा, समानता और मानवीय संवेदना का संदेश सामने आ रहा है। यह पहल दर्शाती है कि जेल की चारदीवारी के भीतर भी आस्था और परंपराओं का सम्मान कायम रखा जा सकता है।
आस्था का सम्मान, हर व्रती का ध्यान छठ महापर्व पर जिला प्रशासन, जहानाबाद का यही संकल्प।
