रोहतास, (न्यूज़ क्राइम 24) जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भलुनी भवानी धाम में चोरी की बड़ी घटना सामने आने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है। मंदिर से माता रानी का मुकुट, पादुका और छतरी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में चर्चाओं का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के संबंध में बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भलुनी भवानी मंदिर से माता रानी का मुकुट, पादुका और छतरी चोरी हुई है। चोरी गए सामान का कुल वजन लगभग डेढ़ से दो किलोग्राम बताया जा रहा है। पुलिस घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर रही है और चोरी की वारदात से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, मंदिर उपाध्यक्ष की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी रात में मंदिर बंद कर अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वहां से चले गए थे। बताया गया कि रात करीब 2 बजे जब पुजारी वापस मंदिर पहुंचे, तो मंदिर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर सामान अस्त-व्यस्त पाया गया, जिसके बाद मंदिर से माता रानी का मुकुट, पादुका और छतरी गायब होने की जानकारी मिली।
मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद धार्मिक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। श्रद्धालुओं के लिए भलुनी भवानी धाम आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में मंदिर से माता रानी के पूजनीय सामान की चोरी की खबर से लोगों में नाराजगी और चिंता देखी जा रही है। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरा में भी चोरी की पुरी वारदात कैमरा में कैद हो गया।पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में लगी है
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी की वारदात में शामिल लोगों की पहचान, चोरी गए सामान की बरामदगी और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
