पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) ललित नारायण मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड सोशल चेंज (एलएनएमआई पटना) और माइंड माइन्स इनोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड के बीच उद्योग और शिक्षा जगत के सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत विद्यार्थियों को रोजगार, प्रशिक्षण, सवेतन इंटर्नशिप और व्यावहारिक अनुभव के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
एमओयू का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक शिक्षा को उद्योग की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना है। इसके तहत उद्योग आधारित परियोजनाओं, व्यावहारिक प्रशिक्षण और सवेतन इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्यक्षेत्र का अनुभव देने का प्रयास किया जाएगा।
समझौते के तहत प्रौद्योगिकी कंपनियों के लिए प्रतिभा अधिग्रहण, वैश्विक आईटी परियोजनाओं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षमता निर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन मोबिलिटी एवं चार्जिंग स्टेशन तथा सौर ऊर्जा परियोजनाओं के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा। योग्य विद्यार्थियों को तकनीकी एवं संबंधित कंपनियों में रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
विद्यार्थियों को वैश्विक आईटी परियोजनाओं में काम करने के साथ अंतरराष्ट्रीय कार्यप्रणाली, परियोजना प्रबंधन और तकनीकी कार्यान्वयन को समझने का व्यावहारिक अवसर मिलेगा। वहीं, एआई के बढ़ते महत्व को देखते हुए विद्यार्थियों और पेशेवरों के लिए एआई क्षमता निर्माण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
ईवी मोबिलिटी और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में विद्यार्थियों को वास्तविक परियोजनाओं से जोड़ने का प्रयास होगा। इसके साथ ही सौर ऊर्जा एवं अन्य नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में भी सहयोग किया जाएगा।
एमओयू की महत्वपूर्ण विशेषताओं में चयनित विद्यार्थियों के लिए सवेतन इंटर्नशिप शामिल है। माइंड माइन्स इनोवेशंस अपने विभिन्न कार्यक्षेत्रों में विद्यार्थियों को वास्तविक परियोजनाओं पर काम करने का अवसर उपलब्ध कराएगा। इससे उन्हें अपनी शैक्षणिक जानकारी को व्यावहारिक अनुभव में बदलने और उद्योग की जरूरत के अनुरूप कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।
माइंड माइन्स इनोवेशंस की ओर से एमसीए और एमबीए विद्यार्थियों के लिए विभिन्न व्यावसायिक एवं तकनीकी क्षेत्रों में प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में एलएनएमआई पटना की फैकल्टी इंचार्ज, स्टार्टअप सेंटर प्रो. रितु ने माइंड माइन्स इनोवेशंस की टीम का स्वागत किया। कार्यक्रम के समन्वय में स्टार्टअप कोऑर्डिनेटर ज्योतिष दीप का योगदान रहा।
माइंड माइन्स इनोवेशंस की ओर से शिक्षा शालिनी, सुरभि सिंह, कोमल गुप्ता, मधु पांडेय, अर्णव राज, सूरज कुमार और नेहा सिंह मौजूद रहीं। संगठन के संस्थापक मेंटर डॉ. ऋषि कांत, पीएचडी (उद्यमिता), आईआईटी दिल्ली, संगठन को रणनीतिक मार्गदर्शन और मेंटरशिप प्रदान कर रहे हैं। नेतृत्व टीम में विनीत सिंह, पवन पांडेय और आयुष सिंह भी शामिल हैं। यह एमओयू शिक्षा, उद्योग और उभरती तकनीकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में पहल है। इससे विद्यार्थियों के कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।
