पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) जिले में शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शनिवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता) सैफुर रहमान की अध्यक्षता में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन एवं जे-पाल (J-PAL) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाई स्कूल कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। खासतौर पर बिहार बोर्ड की 10वीं कक्षा में अनुत्तीर्ण छात्राओं के लिए चलाए जा रहे शैक्षणिक सहयोग कार्यक्रम की प्रगति और प्रभाव की समीक्षा की गई। प्रतिनिधियों ने बताया कि छात्राओं को पुनः परीक्षा के लिए तैयार करने हेतु विशेष कक्षाएं, नियमित मार्गदर्शन और अकादमिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके भविष्य को मजबूत बनाना है।
बैठक में कार्यक्रम के विस्तार पर भी जोर दिया गया, ताकि जिले की अधिक से अधिक छात्राएं इसका लाभ उठा सकें। इस दौरान प्रथम संस्था के राज्य कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार पाण्डेय, जे-पाल की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर शोभनी मुखर्जी एवं एलेन मैथ्यू सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक कदम बताते हुए सराहना की। अंत में संस्था प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक सहयोग मिलने पर कार्यक्रम को और व्यापक स्तर पर संचालित करने की उम्मीद जताई, जिससे वंचित वर्ग की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।
