पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) श्री गुरु गोबिंद सिंह महाविद्यालय, पटना सिटी में सोमवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के कर्मठ कर्मचारी कन्हैया लाल के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कन्हैया लाल ने लगभग 40 वर्षों तक संस्थान की सेवा की।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु अर्जन देव सभागार में हुई, जिसका संचालन डॉ. उमेश कुमार ने किया। उन्होंने महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो.(डॉ.) कनक भूषण मिश्र, शिक्षकगण एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर गणित विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. विनय कुमार का भी स्वागत किया गया।
डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि “कन्हैया लाल जी की सेवा अतुलनीय रही है, उनका कर्म ही उनकी पहचान बना। उनकी विदाई समारोह में मौजूद भीड़ इसकी गवाही दे रही है।” वहीं, पूर्व प्रभारी प्राचार्य प्रो.(डॉ.) सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि “कन्हैया जी समय के पाबंद और सौम्य स्वभाव के धनी रहे हैं।”
रसायन विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजय कुमार श्रीवास्तव ने उनके स्वस्थ जीवन की कामना की। वहीं, डॉ. विनय कुमार ने भी अपनी सेवा यात्रा को साझा करते हुए कन्हैया जी के कार्यशैली की सराहना की।
हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. करुणा राय ने कहा कि “ये केवल महाविद्यालय में ही नहीं, अपने परिवार में भी मिसाल रहे हैं। इनके सभी पुत्र इंजीनियर हैं, जो इनकी आदर्श परवरिश का प्रमाण है।” परीक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. के.के. धर ने बताया कि “कन्हैया जी ने 10 परीक्षा नियंत्रकों के साथ कार्य किया है और अपनी दक्षता से सभी का विश्वास जीता है।”
कर्मचारी प्रतिनिधि राजेश्वर प्रसाद ने सभी की ओर से कन्हैया जी के स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की। मंच की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो.(डॉ.) कनक भूषण मिश्र ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कन्हैया जी की कार्यनिष्ठा, व्यवहार और कार्यशैली की प्रशंसा की और कहा कि “इनसे सीखने योग्य बहुत कुछ है।”
समारोह में कन्हैया लाल जी को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह और विभिन्न उपहार देकर सम्मानित किया गया। उनके परिवार को भी मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. पुष्पा सिंह, डॉ. धनंजय कुमार, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. फजल अहमद, डॉ. मो. अब्बास, डॉ. रमेश प्रसाद, नसरत हुसैन, फुलचंद प्रसाद, जवाहर लाल, दीनानाथ सिंह, कोमल कुमारी, श्यामा ठाकुर और आलोक राज समेत अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम भावभीनी विदाई के साथ सम्पन्न हुआ।
