बिहार

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की आधारशिला : मंत्री श्रवण कुमार

बिहारशरीफ, (न्यूज़ क्राइम 24) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशव्यापी “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के शुभारंभ के अवसर पर नालंदा जिले में नालंदा कॉलेज, बिहारशरीफ के सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, कौशलेन्द्र कुमार, सांसद, लोक सभा, नालंदा, उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) रंजन कुमार चौधरी, जिला युवा पदाधिकारी दीक्षा मिश्रा, नालंदा कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुनीता सिन्हा द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन का ऑनलाइन प्रसारण देखा एवं सुना।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” केवल एक जनजागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी तथा नशे से पूर्णतः मुक्त होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर के हजारों विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के लाखों विद्यार्थी, माय भारत के स्वयंसेवक तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सदस्य इस अभियान से जुड़े हैं। एक करोड़ से अधिक युवाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि भारत का युवा जागरूक, जिम्मेदार और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से किसी भी सामाजिक बुराई के विरुद्ध प्रभावी जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आज के युवाओं को ड्रग्स एवं अन्य सभी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है तथा यह अनेक सामाजिक बुराइयों की जड़ है। उन्होंने कहा कि बिहार में लागू शराबबंदी सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी कदम है, जिसे महिलाओं के व्यापक जनसमर्थन एवं सहभागिता से सफलता मिली।

उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधीजी शराब जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के पक्षधर थे। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी के समर्थन में बनी मानव श्रृंखला विश्व की सबसे बड़ी मानव श्रृंखला के रूप में स्थापित हुई, जो सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने न केवल राज्य में शराबबंदी लागू की, बल्कि जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सभी वर्गों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि विभिन्न आंकड़े बताते हैं कि शराबबंदी के बाद राज्य में दूध, मिठाई और कपड़ों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो आम परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है।
नालंदा कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुनीता सिन्हा ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं, लेकिन जब यही शक्ति भटक जाती है तो यह किसी भी राष्ट्र के लिए गंभीर चुनौती बन जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नशामुक्त भारत का आह्वान युवाओं के लिए प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक सिद्ध होगा और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

उत्साह, जनभागीदारी एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से ओतप्रोत वातावरण में संपन्न यह कार्यक्रम नालंदा जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बना। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नशामुक्त युवा ही विकसित बिहार और विकसित भारत के सशक्त निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग बिहार सरकार कौशलेन्द्र कुमार, सांसद, लोकसभा, नालन्दा, उप विकास आयुक्त, नालन्दा, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, जिला युवा पदाधिकारी एवं नालंदा कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, स्कॉट एंड गाइड, एनएसएस, एनसीसी के कैडेट आम लोग उपस्थित रहे।

Related posts

महाविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान पर वीडियो कॉन्फ्रेंस, शेखपुरा डीएम शेखर आनंद ने किया उद्घाटन

बिहार : न्यू तैलिक पंचायत भवन बरबीघा में धूमधाम से मनाया गया सावन महोत्सव 2026

प्रधानमंत्री का युवाओं को नशे के खिलाफ संदेश अत्यंत प्रेरणादायक : मंगल पांडेय

error: