बिहार

अयोध्या में आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा का अनावरण, वक्ताओं ने बताया प्रेरणा का स्रोत

पटना/अयोध्या, (न्यूज़ क्राइम 24) अयोध्या स्थित अमावा राम मंदिर परिसर में पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा का अनावरण श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आचार्य किशोर कुणाल का जीवन समाज सेवा, राष्ट्रनिष्ठा और सनातन मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने अयोध्या और राम जन्मभूमि से जुड़े विषयों में उनके योगदान को अद्वितीय बताया।

मंत्री ने कहा कि आचार्य किशोर कुणाल ने अयोध्या विषय पर दो महत्वपूर्ण पुस्तकों की रचना की थी। उनके नेतृत्व में “राम रसोई” जैसी सेवा परियोजना की शुरुआत हुई, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों की सेवा की जा रही है। महावीर मंदिर ट्रस्ट के माध्यम से श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये का योगदान भी उनके प्रयासों से प्रदान किया गया था। आचार्य किशोर कुणाल भारत सरकार के अयोध्या प्रकोष्ठ में कई वर्षों तक विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के रूप में कार्यरत रहे तथा राम जन्मभूमि से संबंधित न्यायिक और प्रलेखन कार्यों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements
Ad 1

समारोह में पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजीव रंजन प्रसाद, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी एवं जमा खान, समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, बिहार विधान परिषद सदस्य अजय सिंह, राजीव कुमार एवं डॉ. तरुण कुमार, अयोध्या सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचन्द्र यादव तथा अयोध्या के महापौर महंत गिरिश पति त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। निर्मोही अखाड़ा के संत दिनेन्द्र दास, सरपंच बाबा राम कुमार दास, अंतरराष्ट्रीय पहलवान राजेश दास और महंत राजू दास सहित अनेक संत-महात्माओं ने भी समारोह में भाग लिया।

समारोह के उपरांत सायण कुणाल ने आचार्य किशोर कुणाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने प्रशासनिक सेवा में रहते हुए तथा उसके बाद भी धर्म, संस्कृति और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। वहीं दूसरी ओर पटना स्थित महावीर मंदिर में आचार्य किशोर कुणाल की 76वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर भजन-कीर्तन कार्यक्रम, 76 किलो नैवेद्यम प्रसाद वितरण तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में दरिद्र नारायण भोज की भी व्यवस्था की गई थी। भजन-कीर्तन कार्यक्रम में पंडित गजेंद्र महाराज एवं सोनल ठाकुर ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धा, सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

Related posts

भाजपा द्वारा आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” मीडिया संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

मोदी के 12 वर्ष बेमिसाल कार्यक्रम के तहत सांसद रविशंकर प्रसाद ने पद्मश्री चिकित्सकों से की मुलाकात

तीन दिवसीय ग्रीष्म ऋतु शिविर में बच्चों को मिल रहा विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण

error: