रामपुर, अवनीत कुमार शर्मा : तहसील शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम सैफनी निवासी आसमा ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपते हुए कॉलोनी के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया है। आसमा का आरोप है कि उससे कॉलोनी दिलाने के नाम पर 23,500 रुपये लिए गए, लेकिन न तो उसे उसका लाभ मिला और न ही रकम वापस की जा रही है।
आसमा के मुताबिक, इस मामले में वार्ड सदस्य द्वारा उससे रुपये लिए गए थे। अब जब वह अपनी रकम वापस मांग रही है तो कथित तौर पर उसे धमकाया जा रहा है और रुपये वापस करने से इनकार किया जा रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह इस मामले को लेकर परेशान है और उसे लगातार दबाव का सामना करना पड़ रहा है।पीड़िता आसमा ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर उसकी 23,500 रुपये की रकम वापस दिलाने तथा कथित धमकी के संबंध में उचित कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
आसमा ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि शिकायत पर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
