गिरिडीह(न्यूज़ क्राइम 24): जिले की जमुआ पुलिस ने जमुआ-पचंबा मुख्य मार्ग के चितरडीह के समीप अवैध शराब की एक बड़ी खेप को पकड़ने में कामयाबी पायी है। पुलिस ने इस दौरान एक 1109 ट्रक संख्या BR 46 A 2106 की जांच के दौरान ट्रक के ड्राइवर की सीट और पीछे की बॉडी के बीच गुप्त बॉक्स बना उसमे छिपा कर रखे पचास से अधिक पेटियों में एक हजार से अधिक नकली शराब की बोतलें बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक बोकारो जिले के रामनगर चास निवासी दीपक कुमार सोनी और खलासी बोकारो जिले के ही आजाद नगर निवासी लाल मोहन सिंह को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया है। उक्त जानकारी जमुआ के पुलिस निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने दी।
पुलिस निरीक्षक ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नकली शराब की एक बड़ी खेप बोकारो से बिहार ले जाया जा रहा है। उक्त सूचना के आलोक में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार दास के नेतृत्व में पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर चितरडीह के समीप जांच अभियान चलाया गया और ट्रक को रोका गया। कहा कि पूरी गाड़ी की बारीकी से जांच करने पर छुपाया गया शराब जब्त किया गया। कहा कि जब्त की गई शराब की बोतलें नकली लोकल ब्रांड की है।पुलिस निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में थाने में एक कांड अंकित किया गया है। जिसमे इस अवैध शराब के धंधे में संलिप्त वाहन चालक, खलासी और जब्त वाहन के मालिक को आरोपी बनाया गया है और गिरफ्तार वाहन चालक और खलासी को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई में बेंगाबाद थाना में पदस्थापित एएसआई सुनील सिंह का अहम योगदान रहा। वहीं कार्रवाई में जमुआ थाना के एसआई सुमंत प्रसाद, अशोक कुमार, बासुदेव प्रसाद वर्मा, टेकलाल वर्मा आदि सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
गौरतलब है कि इन दिनों झारखंड प्रदेश में पंचायत चुनाव का दौर जारी है। जिसे लेकर पुलिस प्रशासन काफी मुस्तैद है। आये दिन पुलिस अवैध शराब के गोरखधंधे में शामिल कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। बाबजूद इसके शराब का अवैध धंधेबाज नित्य नए नए तरीके और हथकंडे अपना शराब के अवैध कारोबार को धड़ल्ले से चला रहे है। हालांकि पुलिस इस गौरखधंधे में शामिल लोगों के मंसूबों को नाकाम करने की पूरी सक्रियता से जुटी है।
