पटना, पीयूष कुमार प्रियदर्शी : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर फेरी सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत की।

जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को फेरी परिचालन की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्टीमर का निरीक्षण किया और सवार यात्रियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजनों ने मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ और माला से स्वागत किया।
किसे मिलेगा फायदा :
- 6 पंचायत, 66 हजार लोग – दानापुर दियारा क्षेत्र की पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर पंचायतों के लोगों को सीधा लाभ।
- किसान और व्यापारी – सब्जी, फल एवं दुग्ध उत्पादकों को अपना सामान बाजार तक पहुंचाने में आसानी। स्थानीय व्यापार को बढ़ावा।
- शिक्षा-स्वास्थ्य कर्मी – क्षेत्र में चल रहे 58 विद्यालयों के 553 शिक्षक, 95 आंगनबाड़ी केंद्रों की 190 सेविका-सहायिका, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्र और पंचायत कर्मियों को आने-जाने में सहूलियत।
मानसून में मिलेगी सबसे बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्टीमर फेरी सेवा पूरी तरह निःशुल्क है। इससे आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
दियारा से दानापुर आने के लिए गंगा पर पीपा पुल सिर्फ नवंबर से 15 जून तक चलता है। पीपा पुल हटने के बाद मानसून में लोगों को गंगा पार करने में भारी दिक्कत और जोखिम झेलना पड़ता था। अब साल भर यह स्टीमर सेवा सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प देगी।
कार्यक्रम में मौजूद रहे
उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद श्री अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, सचिव श्री संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार और एसएसपी श्री कार्तिकेय के० शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
