बलिया, संजय कुमार तिवारी। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) सिकन्दरपुर में पिछले लगभग दो माह से रिक्त पड़े फार्मासिस्ट पद पर तत्काल नियमित तैनाती की मांग को लेकर जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से शिकायत की गई है। शिकायत में कहा गया है कि फार्मासिस्ट के अभाव में दवा वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता एवं तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन सिकन्दरपुर- बलिया के संयुक्त मंत्री जितेश कुमार वर्मा (एडवोकेट) ने बताया कि पूर्व में कार्यरत फार्मासिस्ट के स्थानांतरण के बाद से अब तक इस पद पर किसी नए फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं की गई है।
वर्तमान में फार्मासिस्ट का अतिरिक्त प्रभार सीएचसी अधीक्षक के पास है।उन्होंने कहा कि अधीक्षक पहले से ही अस्पताल के प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में फार्मासिस्ट का अतिरिक्त दायित्व उनके पास होने से दवा वितरण, औषधि प्रबंधन तथा अस्पताल के नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसका सीधा असर उपचार के लिए आने वाले मरीजों और क्षेत्र की आम जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है।जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकन्दरपुर क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है। ऐसे में फार्मासिस्ट जैसे महत्वपूर्ण पद का लंबे समय तक रिक्त रहना जनहित के विपरीत है।
नियमित फार्मासिस्ट की तैनाती होने से दवा वितरण व्यवस्था सुचारु होगी तथा मरीजों को समय पर आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराई जा सकेंगी।शिकायत में स्वास्थ्य मंत्री से अनुरोध किया गया है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बलिया को निर्देशित कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकन्दरपुर के रिक्त फार्मासिस्ट पद पर तत्काल नियमित नियुक्ति/तैनाती सुनिश्चित कराई जाए, ताकि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें। जितेश कुमार वर्मा ने कहा कि यह मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी है और क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाई गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन इस मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही करेंगी।
