बिहार

कोहरे में धुंधली सड़कें, हादसों का खतरा बढ़ा…

अररिया, रंजीत ठाकुर। ठंड के साथ ही क्षेत्र में धुंध और कोहरे का प्रकोप बढ़ने लगा है। वहीं, भरगामा प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर बीच की सफेद सेंटर लाइन और दोनों किनारों की एज लाइन धुंधली पड़ चुकी हैं। इतना ही नहीं, सड़क किनारे खड़े पेड़-पौधों पर भी रेडियम स्ट्रिप नहीं लगाई गई है। इससे रात और घने कोहरे के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह और शाम के समय धुंध के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को सड़क की सीमा और सामने से आने वाले वाहनों का सही अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पूर्व सड़क पर सफेद पट्टियां बनाई गई थीं, लेकिन रखरखाव के अभाव में अब वे लगभग मिट चुकी हैं।

कोहरे में सफेद पट्टियां बनीं सुरक्षा का सहारा

सड़क के बीच बनी सेंटर लाइन वाहन चालकों को अपनी लेन में चलने का संकेत देती है, जबकि किनारे की एज लाइन सड़क की सीमा बताती है। विशेषकर घने कोहरे और कम दृश्यता के दौरान ये रेखाएं दुर्घटनाओं से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके स्पष्ट नहीं होने से वाहन दूसरी लेन में जाने या सड़क से नीचे उतरने का खतरा बढ़ जाता है।

पेड़ों पर रेडियम पट्टी नहीं, टक्कर का खतरा

सड़क किनारे खड़े पेड़-पौधों पर रेडियम स्ट्रिप नहीं होने से रात और कोहरे में उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इससे तेज रफ्तार वाहनों के पेड़ों से टकराने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने इसे सड़क सुरक्षा में गंभीर लापरवाही बताते हुए चिंता जताई है।

जनप्रतिनिधियों ने उठाई आवाज

इस समस्या को लेकर युवा नेता बबलू रजक, पूर्व मुखिया पूनम कुमारी, मिथिलेश कुमार भारती, जदयू प्रखंड अध्यक्ष नवीन कुमार श्रीवास्तव, जदयू प्रखंड महासचिव संजय मिश्र, आशीष सिंह सोलंकी, भाजपा नेता रघुनंदन साह, राजकुमार गुप्ता, अमर चौहान सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब पहल करने की मांग की है।

उन्होंने NH-327E पर नए सिरे से सफेद सेंटर और एज लाइन बनाने तथा सड़क किनारे के पेड़-पौधों पर रेडियम स्ट्रिप लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कोहरे का मौसम शुरू होने के साथ ही सड़क सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त करना बेहद जरूरी है। समय रहते विभाग नहीं जागा तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related posts

2 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा श्री मंगशीर वदी नवमी महोत्सव 2026, दादी मंदिर में होगा भव्य आयोजन

तख्त श्री पटना साहिब में ‘लंगर ऑन व्हील्स’ की शुरुआत, जरूरतमंदों तक पहुंचेगा गुरु का लंगर

NBW वारंटियों पर जोगबनी पुलिस का शिकंजा, दो आरोपित गिरफ्तार!