फुलवारीशरीफ, अजीत। संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या दो स्थित शेखपुरा-पिपरा में बादशाही पईन पर क्षतिग्रस्त पुल का जल्द पुनर्निर्माण कराया जाएगा. गुरुवार को पटना समाहरणालय स्थित सभागार में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में पुल निर्माण का मामला उठाया गया. बैठक की अध्यक्षता बिहार के उप मुख्यमंत्री सह पटना जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने की. इस दौरान फतुहा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ. रामानंद यादव ने क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
विधायक डॉ. रामानंद यादव ने कहा कि शेखपुरा-पिपरा के पास बसई नाला पर बना पुराना पुल करीब दो साल पहले ध्वस्त हो गया था. पुल टूटने के कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. क्षेत्र के लोगों के लिए यह पुल आवागमन का महत्वपूर्ण साधन था. इसके ध्वस्त होने से आसपास के गांवों के लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग, पटना के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बादशाही पईन में फिलहाल पानी का स्तर अधिक है. पानी कम होने के बाद पुल निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा. इस पर विधायक डॉ. रामानंद यादव ने कहा कि बादशाही पईन में सालों भर नाले का पानी बहता रहता है और पानी का स्तर कभी पूरी तरह कम नहीं होता है. ऐसे में पानी कम होने का इंतजार करने से पुल निर्माण में अनावश्यक देरी होगी. उन्होंने विभाग से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
विधायक के आग्रह पर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा. बैठक में पुल निर्माण को लेकर विभाग की ओर से मिले आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है. करीब दो साल से क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को अब आवागमन की समस्या से राहत मिलने की संभावना है। डॉ. रामानंद यादव लगातार क्षेत्र के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहे हैं. शेखपुरा-पिपरा पुल के पुनर्निर्माण का मामला भी उन्होंने जिला स्तर की बैठक में उठाकर जल्द समाधान की पहल की है. पुल निर्माण शुरू होने से संपतचक के शेखपुरा-पिपरा और आसपास के इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
