बिहार

बाल विवाह के खिलाफ फारबिसगंज अनुमंडल प्रशासन ने उठाई आवाज, दिलाई शपथ

अररिया, रंजीत ठाकुर। अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को फारबिसगंज अनुमंडल प्रशासन की ओर से बाल विवाह के खिलाफ विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे अनुमंडल को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘बाल विवाह मुक्त अररिया जिला’ एवं ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरण कल्याण भारती फारबिसगंज, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन तथा अनुमंडल प्रशासन फारबिसगंज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने की शपथ दिलाई। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में लोगों से आह्वान किया गया कि वे अपने परिवार और आसपास कम उम्र में होने वाली शादियों को रोकने के लिए आगे आएं। साथ ही, कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। इसे रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि जागरूकता, सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी से ही बाल विवाह मुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।

Related posts

प्रशासनिक व्यवस्था की खुली पड़ताल, प्रमंडलीय आयुक्त ने फारबिसगंज प्रखंड-अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण

नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रशासन सख्त, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी निगरानी

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 117 लीटर नेपाली शराब बरामद!