पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना से अरवल, जहानाबाद होते हुए बिहारशरीफ तक फोरलेन सड़क निर्माण की मांग तेज हो गई है। जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना पर शीघ्र पहल करने का आग्रह किया है। सांसद की इस पहल की राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सराहना की जा रही है। बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सांसद लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित फोरलेन सड़क के निर्माण को लेकर डीपीआर तैयार करने के साथ-साथ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। एजाज अहमद के अनुसार, सांसद ने केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि उनके लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत जहानाबाद, गया और अरवल जिले आते हैं। इन जिलों में बेहतर सड़क संपर्क की आवश्यकता है। कई महत्वपूर्ण सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने से स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद ने विशेष रूप से पटना से अरवल-जहानाबाद होते हुए बिहारशरीफ तक फोरलेन सड़क निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग की है। उनका मानना है कि इस सड़क के निर्माण से यातायात सुगम होगा और लोगों के समय एवं परेशानी में कमी आएगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
सांसद ने केंद्रीय मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना पर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने तथा क्षेत्र की अन्य प्रमुख सड़कों को भी राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने का आग्रह किया है। एजाज अहमद ने कहा कि सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव की इस पहल से जहानाबाद, अरवल और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क की उम्मीद जगी है। प्रदेश प्रवक्ता सहित अन्य राजद नेताओं ने आम जनता की यातायात सुविधा और क्षेत्र के विकास को लेकर सांसद की गंभीरता की सराहना की है। अब लोगों की निगाहें केंद्र सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
