बिहार

प्रखंड कार्यालय परिसर में किसानों ने बुलंद की आवाज, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक दिवसीय किसान महाधरना आयोजित किया गया. इसमें बड़ी संख्या में शामिल किसानों ने अपनी बीस सूत्री मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और सरकार एवं प्रशासन से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

महाधरना को संबोधित करते हुए किसानों ने कहा कि देश का अन्नदाता आज अपनी ही जमीन से जुड़े कामों के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर है. जमीन के कागजात में सुधार और परिमार्जन का काम समय पर नहीं होने से किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई मामले लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन उनका निष्पादन नहीं हो पा रहा है।

किसानों ने खाद की किल्लत का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने कहा कि खेती के लिए समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है. खाद की कमी के कारण किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है और खेती-किसानी प्रभावित हो रही है. एक तरफ सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ किसान अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पूर्व प्रखंड प्रमुख राधे रमण पासवान ने बताया कि किसानों ने बीस सूत्री मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने, जमीन से संबंधित लंबित परिमार्जन मामलों का निष्पादन कराने और किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related posts

टीबी का इलाज पूरा होने के बाद भी हर चार में से तीन मरीजों को सांस संबंधी परेशानी : एम्स पटना का अध्ययन

छपरा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने नवप्रवेशित छात्रों का बढ़ाया उत्साह

महावीर मन्दिर में आज मनायी जाएगी देवोत्थान एकादशी