रामपुर, अवनीत कुमार शर्मा : दीपावली एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा जनपद रामपुर की ओर से आम जनता के लिए महत्वपूर्ण अग्नि सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों की खुशियों के बीच सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी भी प्रकार की आगजनी अथवा अप्रिय घटना से बचा जा सके।
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार घरों में मोमबत्ती, दीपक और तेल के दीये जलते हुए अकेले न छोड़ें। इन्हें पर्दों, न्यूज पेपर, टेबल क्लॉथ और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखें। पटाखे हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थान पर जलाएं।
आतिशबाजी करते समय अपने पास पानी से भरी बाल्टी, रेत और कंबल अवश्य रखें। पटाखों के आसपास बीड़ी, सिगरेट अथवा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं का प्रयोग न करें।विभाग ने विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा है कि पटाखे जलाते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें और जलने की स्थिति में ठंडे पानी का इस्तेमाल कर चिकित्सकीय सलाह लें। बिजली के बोर्ड पर अतिरिक्त भार न डालें तथा क्षतिग्रस्त तारों का इस्तेमाल न करें।इसके अलावा अस्थायी दुकानों, टीन शेड और लकड़ी या घास-फूस की झोपड़ियों के आसपास, आतिशबाजी न करने, पटाखों की दुकानों पर पर्याप्त पानी और अग्निशमन उपकरण रखने तथा दुकानों के सामने वाहनों को खड़ा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण स्थल तक अनधिकृत व्यक्तियों, छोटे बच्चों, बीमार और बुजुर्गों को न जाने देने की भी अपील की गई है।
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पटाखों का भंडारण पेट्रोल, डीजल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के पास न किया जाए। किसी भी प्रकार की आग लगने की घटना होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन, अग्निशमन केंद्र अथवा 112 नंबर पर सूचना दें। ये दिशा-निर्देश मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के नाम से जारी किए गए हैं। प्रशासन की अपील: दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। सभी जनपदवासियों से अपील है कि सावधानी बरतें, सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाएं और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
