बिहार

शहर में धूल-मिट्टी से आमजन और छठव्रती परेशान, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

अररिया, रंजीत ठाकुर। शहर में उड़ रही धूल-मिट्टी और खुले में मेडिकल कचरा फेंके जाने की समस्या को लेकर बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक मनोज सोनी ने आवाज उठाई है। गुरुवार को उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ अनुमंडल पदाधिकारी के नाम दो सूत्री मांगों का ज्ञापन अनुमंडल कार्यालय के बड़ा बाबू को सौंपकर अविलंब कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से मनोज सोनी ने कहा कि शहर में चारों ओर उड़ रही धूल-मिट्टी से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। आस्था और शुद्धता का महापर्व छठ पूजा नजदीक है। ऐसे में खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले छठव्रतियों और आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धूल-मिट्टी लोगों के नाक और मुंह के जरिए शरीर में प्रवेश कर रही है, जिससे सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। दीपावली और छठ पूजा को लेकर घरों एवं दुकानों की सफाई के बावजूद धूल-मिट्टी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।

वहीं, दूसरी मांग में उन्होंने हॉस्पिटल रोड स्थित वार्ड संख्या सात में डॉक्टर आशुतोष कुमार के अस्पताल के सामने तथा डॉ. समा तबस्सुम के बगल में स्थित निजी प्लॉट पर मेडिकल कचरा जमा किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान निकलने वाले कचरे को पॉलीथिन में बांधकर खुले स्थान पर फेंक दिया जाता है। आवारा कुत्ते कचरे को सड़क पर बिखेर देते हैं। वहीं, कचरे को जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं आसपास के लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

मनोज सोनी ने कहा कि इसी रास्ते से छठव्रतियों का भी आवागमन होता है। ऐसे में संक्रमण और प्रदूषण का खतरा बना हुआ है। उन्होंने अनुमंडल प्रशासन से दोनों समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर शहर में नियमित साफ-सफाई कराने तथा मेडिकल कचरे के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। मौके पर करण कुमार चंद्रवंशी, अंकित कुमार और विश्वराज कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts

प्रधानमंत्री के संभावित वैशाली दौरे को लेकर तैयारियां तेज

छठ महापर्व को लेकर गंगा घाटों पर तैयारियां तेज, एसडीओ कशिश बक्शी ने किया निरीक्षण

श्री चैतन्य मंदिर में 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के साथ होगा अन्नकूट महाप्रसाद वितरण