बिहार

फुलकाहा में बंद घर का ताला तोड़ सात लाख के जेवरात और नकदी की चोरी

अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब सात लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोरों ने घर के पिछले दरवाजे और गेट का ताला तोड़कर गोदरेज में रखे सोने-चांदी के आभूषण सहित 55 हजार रुपये नकद चुरा लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना 1 नवंबर 2026 की बताई जा रही है। गृहस्वामी द्वारा थाना में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, वे रविवार की सुबह करीब नौ बजे परिवार के साथ पूजा करने घर से बाहर गए थे। शाम करीब 6:30 बजे जब वापस लौटे तो घर के पिछले हिस्से का दरवाजा और गेट टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर गोदरेज में रखे कीमती जेवरात और नकदी गायब मिले।

पीड़ित के अनुसार, चोर करीब चार भरी सोने के आभूषण, जिसमें सोने की चेन, अंगूठियां, कान के टॉप सहित अन्य जेवरात, चांदी के आभूषण और 55 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है।

घटना के बाद गृहस्वामी ने फुलकाहा थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है। इधर, फुलकाहा थाना पुलिस पीड़ित के आवेदन के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ लगातार छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि चोरी में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का उद्भेदन कर दिया जाएगा।

Related posts

आठ पुलिसकर्मी निलंबित; रिश्वत लेकर दो लोगों को छोड़ने का आरोप

जन्मजात क्लबफुट की ग्रसित बच्चों को सुरक्षित करने के लिए सदर अस्पताल में शुरू हुआ विशेष ओपीडी

बीआईटी मेसरा पटना में छात्र क्लब ‘ऊर्जा’ का शुभारंभ, वार्षिक पत्रिका ‘स्पार्क’ का विमोचन