बिहार

एम्स पटना में सतर्कता जागरूकता सप्ताह, वॉकाथॉन से दिया ईमानदारी का संदेश

फुलवारीशरीफ, अजीत। एम्स पटना में 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है. इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गयी है. इसके तहत शनिवार को संस्थान परिसर में वॉकाथॉन आयोजित कर ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिकता का संदेश दिया गया.

वॉकाथॉन प्रशासनिक भवन से शुरू होकर ओपीडी फोयर तक पहुंचा. इसमें चिकित्सकों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों, रेजिडेंट डॉक्टरों और मेडिकल एवं नर्सिंग विद्यार्थियों ने भाग लिया. कार्यक्रम का नेतृत्व एम्स के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने किया. मौके पर चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह और डीन एकेडमिक्स प्रो. डॉ. पूनम प्रसाद भदानी भी मौजूद रहीं.

डॉ. राजू अग्रवाल ने कहा कि सुशासन के लिए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है. इन मूल्यों से ही संस्थानों के प्रति आम लोगों का विश्वास मजबूत होता है. वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने मरीजों की देखभाल और प्रशासनिक कार्यों में ईमानदारी एवं नैतिक जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया.

इससे पहले 26 अक्टूबर को संस्थान में सत्यनिष्ठा की शपथ दिलायी गयी थी. सप्ताह के दौरान डिजिटल माध्यमों से भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. संस्थान की वेबसाइट और सोशल मीडिया पर पोस्टर, कार्यक्रमों की तस्वीरें और ऑडियो जिंगल के माध्यम से संदेश प्रसारित किये जा रहे हैं. आयोजन में मुख्य सतर्कता अधिकारी डॉ. उत्पल आनंद का विशेष सहयोग रहा।

Related posts

बिहार में भाजपा वोट चोरी ही नहीं कर रही है, बल्कि जनादेश की डकैती भी कर रही है : प्रो मनोज कुमार झा

सिख विरोधी नरसंहार के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए दिल्ली में पदयात्रा

छठ गीतों पर कथित अश्लील डांस का मामला, पटना पुलिस पोर्टल पर की गई शिकायत