बिहार

कुर्जी में बंद मकान को चोरों ने खंगाला, जेवरात-नकदी समेत लाखों का सामान ले उड़े

फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के कुर्जी गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और गोदरेज, ट्रंक व बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और कीमती कपड़े लेकर फरार हो गये. शनिवार की सुबह चोरी का पता चलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलने पर फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया.

बताया जाता है कि कुर्जी गांव निवासी सुधीर शर्मा देहरादून में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं. उनकी पत्नी नीलू शर्मा गृहिणी हैं. 26 अक्टूबर को नीलू शर्मा अपने बेटे से मिलने वृंदावन गयी थीं. घर में किसी के नहीं रहने का फायदा उठाकर चोरों ने शुक्रवार की देर रात वारदात को अंजाम दिया.

शनिवार की सुबह मकान के निचले हिस्से में स्थित दुकान के किरायेदार दुकान खोलने पहुंचे तो उनकी नजर मुख्य गेट के टूटे ताले पर पड़ी. शक होने पर उन्होंने तत्काल मकान मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी. सुधीर शर्मा ने इसके बाद नौबतपुर में रहने वाले अपने भतीजे कन्हैया कुमार को घर भेजा.

कन्हैया कुमार के पहुंचने पर मकान के अंदर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला. गोदरेज की अलमारी, ट्रंक और बक्सों के ताले टूटे हुए थे. कमरों में सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और महंगे कपड़े गायब हैं. परिजनों के अनुसार चोरी गये सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये बतायी जा रही है. हालांकि चोरी गये आभूषणों, नकदी और अन्य सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है.

घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही परिजनों ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की. पुलिस ने मकान के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कवायद शुरू कर दी है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरों ने मकान की पहले से रेकी की थी या बंद घर की जानकारी उन्हें किसी अन्य माध्यम से मिली.

इधर, घर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद नीलू शर्मा की तबीयत अचानक बिगड़ गयी. परिजनों के मुताबिक चोरी की खबर सुनकर वह काफी परेशान हो गयीं.

फुलवारी शरीफ थानाध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि बंद मकान में चोरी की सूचना मिली है. पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजकर जांच करायी गयी है. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. चोरी गये सामान का आकलन कराया जा रहा है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है. चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Related posts

जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना समय की मांग : विजय सिन्हा

विवाहिता, दो साल की बच्ची और उसके भाई का 38 दिनों से सुराग नहीं, पुलिस की कार्रवाई पर परिजनों ने उठाये सवाल

गीत-संगीत, छठ की धुन और नृत्य से सजा ‘झलक 2026’, बीआइटी पटना में युवाओं ने बिखेरे प्रतिभा के रंग