पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 67 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पटना सदर-5 की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) कुमारी शोभा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मियां टोली, कमाशिकोह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 101 और किला रोड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 103 पर गर्भवती महिलाओं को सम्मानित किया गया। लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए और गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। इस अवसर पर लाभार्थियों के परिजनों की ओर से पारंपरिक सोहर गीत का आयोजन किया गया। बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर रंगोली भी बनाई गई, जिसमें किशोरी कुमकुम कुमारी ने योगदान दिया।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर बेबी कुमारी, सेविका सुनैना देवी, मिंता देवी, सहायिका रेणु देवी, रूबी देवी, गोद भराई की रस्म में पिंकी देवी सहित लाभार्थी और उनके परिजन मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सम्मानित करने के साथ मातृत्व एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देना था।
