रामपुर, अवनीत कुमार शर्मा : उत्तर प्रदेश शासन की नीति के तहत शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी रामपुर और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसोदिया ने थाना कोतवाली पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता अपनी समस्याएं लेकर थाना समाधान दिवस में पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बारिश के बीच भी फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे हैं, जिनका नियमानुसार समाधान कराया जा रहा है।समाधान दिवस में शहर की जाम की समस्या से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। पुलिस अधीक्षक के अनुसार शहर में ई-रिक्शा की संख्या अधिक होने के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसपी अनिल कुमार सिसोदिया ने बताया कि जाम की समस्या से निपटने के लिए ई-रिक्शा के वन-वे संचालन का सुझाव दिया गया है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो शहर में जाम की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने और शिकायतों का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
