मुरादाबाद, अवनीत कुमार शर्मा : थाना मझोला क्षेत्र की रामतलैया चौकी अंतर्गत ढक्का की पुलिया के पास खुले मैदान में कथित रूप से नशा करने वालों का जमावड़ा लगने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नशे की हालत में एक युवक संतुलन खो बैठा और पास के नाले में गिर गया। हालांकि समय रहते उसे बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में चिंता और नाराजगी देखने को मिली।स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके। पुलिस की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है।
