फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ के ईसापुर से मिशन होते हुए धरायचक और पुनपुन सुरक्षा बांध तक जाने वाली सड़क पिछले कई महीनों से जर्जर हालत में है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति ऐसी है कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो गया है।
पुनपुन नदी के सुरक्षा बांध से होते हुए यह सड़क मधवापुर, हसनपुरा, गोनपुरा, हिंदुनी, बहादुरपुर और ईसापुर को फुलवारी शरीफ से जोड़ती है. इस मार्ग से रोजाना हजारों लोग आवागमन करते हैं. नौकरी और कामकाज के लिए जाने वाले लोगों के अलावा स्कूली बच्चे, शिक्षक और आसपास के ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इसी सड़क पर निर्भर हैं।
इस मार्ग के आसपास आईटीबीपी मुख्यालय सहित कई बीएड कॉलेज, स्कूल और अन्य संस्थान हैं. बहादुरपुर, हिंदुनी, आलमपुर, गोनपुरा, नयनचक, हसनपुरा, माधवपुर, निहुरा, धनकी, सोरमपुर, ढिबड़ा, शाहपुर और कोयरी बिगहा समेत दर्जनों गांवों के लोगों का रोजाना इस सड़क से आना-जाना होता है. सड़क की बदहाली के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों को गड्ढों के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
इसी के करीब-करीब समानांतर चलने वाली ईसापुर रायचौक से कुरकुरी जाने वाली सड़क की स्थिति भी अत्यंत जर्जर है. करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क का कई वर्षों से निर्माण नहीं हुआ है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और सड़क का काफी हिस्सा टूट चुका है. इस मार्ग से भी आसपास के ग्रामीणों का लगातार आवागमन होता है, लेकिन सड़क की बदहाली के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों प्रमुख संपर्क मार्ग लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रहे हैं. बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है. रात के समय इन गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
पटना से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर होने के बावजूद ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली इन सड़कों की बदहाली लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से दोनों सड़कों का स्थायी निर्माण और तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि हजारों लोगों को आवागमन की परेशानी से राहत मिल सके।
