पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) विभागीय योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुँचाने तथा नियमित क्षेत्र भ्रमण पर जोर राज्य में गन्ना उद्योग को और अधिक सुदृढ़ करने, किसानों की आय बढ़ाने तथा विभागीय योजनाओं का प्रभावी लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को विकास भवन स्थित उद्योग विभाग के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय गन्ना उद्योग मंत्री श्री संजय कुमार ने की। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, आगामी कार्ययोजना तथा गन्ना क्षेत्र के विस्तार को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। माननीय मंत्री जी ने अधिकारियों को जिम्मेदारी के अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निदेश दिए।
माननीय मंत्री श्री संजय कुमार ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के स्तर पर गन्ना उद्योग विभाग की योजनाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। विभागीय स्तर पर भी नियमित समीक्षा के माध्यम से योजनाओं की प्रगति को गति दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की नियमित समीक्षा करते हुए फील्ड स्तर पर किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बंद चीनी मिलों को चालू कराने और नई मिलों की स्थापना पर विशेष जोर-
मंत्री जी ने कहा कि बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः चालू कराना तथा नई चीनी मिलों की स्थापना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रस्तावित 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसके तहत वर्षवार एवं जिलावार लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने जिला स्तर पर सहायक निदेशक सहित संबंधित अधिकारियों एवं चीनी मिल प्रबंधन के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा आपसी समन्वय से गन्ना क्षेत्र के विस्तार एवं गन्ना उद्योग को मजबूत करने पर जोर दिया।
किसानों को वैज्ञानिक गन्ना खेती के लिए करें प्रेरित-
गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने अधिकारियों को निदेश दिया कि विभागीय योजनाओं की वर्तमान प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए अगले छह माह के लिए स्पष्ट एवं ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को विभागीय सर्कुलर, गाइडलाइन एवं स्वीकृत्यादेश की पूरी जानकारी रखने तथा उनके अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सचिव ने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने, किसानों के साथ संवाद स्थापित करने तथा उन्हें वैज्ञानिक गन्ना खेती, आधुनिक तकनीक एवं विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा आरक्षित क्षेत्रों में गन्ने का रकबा बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। किसानों की ऑनबोर्डिंग के साथ-साथ वैज्ञानिक खेती, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों की सक्रिय भूमिका जरूरी-
ईखायुक्त श्री अनिल कुमार झा द्वारा अधिकारियों को केवल चीनी मिलों पर निर्भर न रहकर विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया। साथ ही, योजनाओं की मार्गदर्शिका के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करते हुए पात्र किसानों तक उनका वास्तविक लाभ पहुँचाने को कहा गया।
इन योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा-
बैठक के दौरान माननीयक गन्ना उद्योग मंत्री ने विभाग के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम, गन्ना विकास योजना, गन्ना नर्सरी योजना, मुख्यमंत्री यंत्रीकरण योजना, गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार योजना, गन्ना प्रौद्योगिकी विस्तार कार्यक्रम, बिहार राज्य गुड़ प्रोत्साहन कार्यक्रम, नई चीनी मिलों के लिए भूमि उपलब्धता तथा सकरी और रैयाम चीनी मिलों को चालू कराने के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। गन्ना उद्योग के विकास के लिए समन्वित प्रयास बैठक में विभागीय योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से लागू करने, गन्ना क्षेत्र का विस्तार करने, किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा चीनी उद्योग के विकास को गति देने के लिए समन्वित एवं मिशन आधारित प्रयासों पर बल दिया गया।
