शेखपुरा, उमेश कुमार : जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकांश मामले जमीन से संबंधित थे।
आवेदकों ने जमीन की मापी, रसीद कटवाना, लगान निर्धारण, जमाबंदी में सुधार, जबरन खेत जोतना और बरबीघा अंचलाधिकारी द्वारा गलत रिपोर्ट देने की शिकायतें कीं। इसके अलावा नल-जल योजना, पेयजल आपूर्ति, घर तोड़ने पर रोक, तालाब अतिक्रमण, पुल-पुलिया निर्माण के मामले भी आए।
रुदासी ग्राम में तालाब अतिक्रमण हटाने, ऐफनी ग्राम वार्ड-4 में पेयजल आपूर्ति और वार्ड-9 में नल-जल चालू है या नहीं इसकी रिपोर्ट 24 घंटे में देने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को दिया गया।
अन्य शिकायतों में वकाया वेतन भुगतान, वंशावली निर्गत कराना, दारू निर्माण पर रोक, नल-जल ऑपरेटरों का मानदेय, जन वितरण प्रणाली विक्रेता द्वारा कम राशन देना, प्राथमिकी दर्ज कराना और कैमरा ग्राम में पेपर ब्लॉक निर्माण शामिल थे।
डीएम श्री शेखर आनंद ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर समस्या सुनी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मौके पर ही निष्पक्ष जांच और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का आदेश दिया।
डीएम ने कहा “जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो भी आवेदन प्राप्त हुए हैं उनका निष्पादन निर्धारित समयसीमा में अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। किसी भी परिवादी को अपने काम के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें।
कार्यक्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
