बिहार

बिहार की सड़कों-पुलों को 21 हजार करोड़, पथ निर्माण विभाग और नाबार्ड के बीच MoU

पटना, पीयूष कुमार प्रियदर्शी : मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सड़क एवं पुल अवसंरचना के विकास के लिए 21 हजार करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्त पोषण हेतु पथ निर्माण विभाग और नाबार्ड के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल और नाबार्ड के अध्यक्ष श्री शाजी कृष्णन वी. ने MoU पर हस्ताक्षर किए।

सीएम ने कहा कि राज्य में सड़क और पुल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार काम हो रहा है। इस समझौते से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण के लिए वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा बेहतर सड़क और पुल राज्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क संपर्क से लोगों का आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। 21 हजार करोड़ के दीर्घकालिक वित्त पोषण से परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए वित्तीय व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।

सीएम ने बिहार के विकास में नाबार्ड के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि आगे भी इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा।

नाबार्ड अध्यक्ष श्री शाजी कृष्णन वी. ने कहा कि बिहार तेजी से विकास कर रहा है। राज्य में आधारभूत संरचना के विकास में नाबार्ड की सहभागिता आगे भी जारी रहेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘नाबार्ड इन बिहार’ बुकलेट का विमोचन किया। साथ ही पारंपरिक कला एवं शिल्प में उत्कृष्ट कार्य के लिए भोजपुर के श्री संजीव सिन्हा – पिड़िया पेंटिंग, गया के श्री रविंद्र नाथ गौड़ – पत्थर कट्टी और नालंदा की बावन बूटी कला के लिए श्री सुरेश देव को GI प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री श्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

बिहार, साइबर अपराध पर सख्त : मुख्य सचिव और डीजीपी ने की जिलाधिकारियों-एसपी के साथ समीक्षा बैठक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार 2025 प्रदान किए

संत रविदास के समरसता संदेश को गांव-गांव पहुंचाएगी सरकार : सीएम

error: