क्राइमबिहार

24 घंटे में चेन स्नैचिंग का खुलासा, पढ़ाई के बहाने पटना में रह रहे दो नाबालिग दबोचे गए

फुलवारीशरीफ, अजीत। रामकृष्ण नगर थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो विधि-विरुद्ध नाबालिग किशोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से लूटी गई सोने की चेन, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

सदर-2 के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि 30 जुलाई की शाम सुभाष नगर निवासी सचिंद्र कुमार राय सड़क से गुजर रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर रामकृष्ण नगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए. तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार दोनों नाबालिग क्रमशः भागलपुर और मुंगेर के रहने वाले हैं. दोनों पटना में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रहे थे, लेकिन गलत संगत में पड़ने के बाद अपराध की राह पर चल पड़े. पुलिस का कहना है कि उनसे पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस ने बताया कि दोनों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है. साथ ही उनके आपराधिक नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

Related posts

पटना में 376 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, झपटमार भी दबोचा गया

सावन की पहली सोमवारी से विराट रामायण मंदिर में रुद्राभिषेक शुरू, 33 इंच के लघु सहस्त्रलिंग पर होगी पूजा

विश्व स्तनपान सप्ताह : एनएमसीएच में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, मां और शिशु के स्वास्थ्य पर दिया गया जोर

error: