पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) जिले में 1 लाख 26 हजार नए राशन कार्ड बनाने के लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) एवं आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास मित्र, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलरों तथा पंचायत सचिवों के सहयोग से अधिक से अधिक पात्र लोगों के आवेदन संग्रहित किए जाएं, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति राशन कार्ड से वंचित न रहे।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर 1.26 लाख नए राशन कार्ड बनाने के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त शुभम कुमार, अपर समाहर्ता (आपूर्ति) रविन्द्र कुमार दिवाकर सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
