फुलवारीशरिफ, अजीत। फुलवारी शरीफ के लाल मियां दरगाह इलाके में रविवार की शाम आवारा कुत्तों के हमले में कई बच्चे घायल हो गए. बताया जाता है कि सभी बच्चे मदरसा से पढ़ाई कर अपने घर लौट रहे थे, तभी कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमले में करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हुए हैं. इनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं. गंभीर रूप से घायल बच्चों में एक का नाम राजा और दूसरे का नाम अर्श अमन बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बच्चे के पैर के पास कुत्ते ने गंभीर जख्म कर दिया, जिससे काफी मांस निकल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाल मियां दरगाह, कचहरी मुहल्ला और आसपास के इलाकों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है. आरोप है कि कुत्ते आए दिन बच्चों और महिलाओं पर हमला करते हैं, लेकिन अब तक उन्हें पकड़ने या इलाके से हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। घटना के बाद लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई. स्थानीय नागरिकों ने नगर निकाय और प्रशासन से आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़ने, प्रभावित इलाके में विशेष अभियान चलाने तथा घायल बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की मांग की है।
