बिहार

संयुक्त सचिव की नेम प्लेट लगी सरकारी वाहन से शराब तस्करी : 560 लीटर महुआ शराब बरामद, चालक गिरफ्तार!

फुलवारीशरीफ, अजीत। परसा बाजार थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार सरकार के संयुक्त सचिव की नेम प्लेट लगी एक कार से 560 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की है. पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चालक की पहचान पुनपुन थाना क्षेत्र के समनचक डुमरी निवासी सुधीश कुमार, पिता स्व. भोली राय, के रूप में हुई हैं।

थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि जांच अभियान के दौरान बीआर01जेजेड-5343 नंबर की डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई. कार पर “संयुक्त सचिव, मुख्य जांच आयुक्त निदेशालय, सामान्य प्रशासन विभाग” का बोर्ड लगा हुआ था. तलाशी के दौरान वाहन से 560 लीटर देशी महुआ शराब बरामद होने के बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया. उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि उक्त वाहन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा संयुक्त सचिव के उपयोग के लिए किराये पर लिया गया है. सोमवार से शुक्रवार तक वह इसी वाहन से संयुक्त सचिव को सचिवालय स्थित कार्यालय लाने और ले जाने का काम करता था. शनिवार और रविवार को सचिवालय बंद रहने का फायदा उठाकर वह अधिकारी के बोर्ड और नेम प्लेट लगी इसी कार से शराब की तस्करी करता था. उसे भरोसा था कि वरिष्ठ अधिकारी का बोर्ड लगा होने के कारण पुलिस वाहन की जांच नहीं करेगी।

थानाध्यक्ष ने बताया कि सरकारी पहचान का दुरुपयोग कर अवैध कारोबार करने का यह मामला बेहद गंभीर है. पुलिस अब ऐसे सभी वाहनों पर विशेष नजर रखेगी जिन पर बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों का बोर्ड या नेम प्लेट लगी होगी. उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे वाहनों की भी सघन जांच की जाएगी, ताकि सरकारी पहचान की आड़ में अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related posts

पूर्व राज्यपाल डॉ. डी. वाई. पाटिल के निधन पर राजद नेताओं ने जताया शोक

ज्यादा केएमसी देने से कमजोर शिशु घर में ही हो सकते हैं स्वस्थ्य और सुरक्षित : एएनएम

चैनपुर में पद्म भूषण डॉ. सी. पी. ठाकुर का सम्मान, शिक्षा और सेवा का दिया संदेश

error: