अररिया, रंजीत ठाकुर। बसमतिया थाना पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 378 लीटर नेपाली शराब, चोरी की तीन मोटरसाइकिल तथा एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर नेपाल से भारी मात्रा में नेपाली शराब लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर सीमावर्ती इलाके में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जैसे ही तीन बाइक पर सवार तस्कर भारतीय सीमा में पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दो तस्कर अपनी-अपनी बाइक छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकले, जबकि एक तस्कर को पुलिस बल ने मौके पर ही धर दबोचा।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान गजेंद्र कुमार पासवान, पिता राजू पासवान, निवासी कोशिकापुर, थाना वीरपुर, जिला सुपौल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान तीनों मोटरसाइकिलों से कुल 378 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। जांच में तीनों बाइक चोरी की होने की भी जानकारी सामने आई है। थानाध्यक्ष सुनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है। वहीं फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
