पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के नेतृत्व में हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला तथा अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर पश्चिमी क्षेत्र में विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में कुल 74 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश के कारण 18 अभियुक्तों ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण भी किया है। छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने 487.2 लीटर अवैध शराब, एक दोनाली बंदूक, एक देशी पिस्टल, दो देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, 14 खोखा, 25.57 ग्राम स्मैक, 36,770 रुपये नकद, आठ वाहन, 13 मोबाइल फोन तथा 110 सीएफटी बालू बरामद कर जब्त किया है। वहीं वारंट, कुर्की एवं इश्तेहार के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 63 अभियुक्तों से संबंधित मामलों का निष्पादन किया गया। इसके अलावा तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के सहयोग से पश्चिमी क्षेत्र में पांच गुमशुदा युवक-युवतियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम लोगों से भी अपराध संबंधी सूचनाएं पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की है।
