बिहार

अगलगी में दो परिवारों के घर और दुकान जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान

20261108 184638

अररिया, रंजीत ठाकुर। फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र की अड़राहा पंचायत के वार्ड संख्या-03 में बीती रात अचानक आग लगने से दो परिवारों के घर और दुकान जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में सविता देवी, पति मनीष साह और अब्दुल गफार के घर एवं दुकान में रखे सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना में दोनों परिवारों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।अचानक हुई इस अगलगी के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घर और दुकान में रखे जरूरी सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अग्निकांड की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए इस मुश्किल घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आग की घटना ने दोनों परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। ऐसे समय में पीड़ितों को तत्काल सरकारी सहायता मिलनी चाहिए, ताकि वे दोबारा अपना जीवन व्यवस्थित कर सकें। सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात यादव ने इस संबंध में अंचलाधिकारी से बातचीत कर अग्निकांड में हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कराने तथा दोनों पीड़ित परिवारों को आपदा राहत के तहत नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर राहत मिल सके।उन्होंने कहा कि प्राकृतिक और आकस्मिक आपदाओं में गरीब परिवारों की पूरी जमा-पूंजी समाप्त हो जाती है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रभावित परिवारों तक सरकारी सहायता शीघ्र पहुंचाई जाए। पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात यादव, पैक्स अध्यक्ष कौशल यादव, निशा वाणी, वकील सरदार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts

आरजेएस का नेशनल वेज प्लेज मिशन ने न्यू डाइट सिस्टम का किया समर्थन, प्राकृतिक अहिंसा प्लेट का करेगा प्रोमोशन

एम्स पटना ने आंख से निकाला 180 ग्राम का विशाल ट्यूमर, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुई उपलब्धि

पटना को औद्योगिक एवं प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित करने हेतु जिलाधिकारी ने किया उद्योग संघ क़े प्रतिनिधियों क़े साथ संवाद