पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) श्री महावीर स्थान न्यास समिति द्वारा संचालित महावीर आरोग्य संस्थान, कंकड़बाग ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान में पहली बार एक जटिल हाइतस हर्निया की एडवांस लैप्रोस्कोपिक (दूरबीन) सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। खास बात यह रही कि यह उच्चस्तरीय सर्जरी आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मरीज को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। संस्थान के सर्जरी विभाग द्वारा की गई इस अत्याधुनिक प्रक्रिया (लैप्रोस्कोपिक निसेन फंडोप्लिकेशन) का नेतृत्व गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल एवं जनरल सर्जन डॉ. अमल पुष्प सिंह और उनकी टीम ने किया। इस सफलता के साथ संस्थान ने यह साबित किया है कि बिहार में भी विश्वस्तरीय टर्शियरी केयर चिकित्सा सुविधाएं आम लोगों की पहुंच में उपलब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय महिला मरीज पिछले छह माह से गंभीर एसिड रिफ्लक्स (सीने में जलन) की समस्या से पीड़ित थीं। दवाओं से राहत नहीं मिलने के बाद जांच में हाइतस हर्निया की पुष्टि हुई। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने की-होल तकनीक के माध्यम से सफल सर्जरी कर शारीरिक विकार को ठीक किया तथा रिफ्लक्स को रोकने वाले प्राकृतिक वॉल्व को पुनः सुचारू बनाया। मिनिमली इनवेसिव तकनीक से की गई इस सर्जरी के कारण मरीज को ऑपरेशन के दिन से ही काफी राहत मिल गई। अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में सुपाच्य आहार लेने के बाद उन्हें आवश्यक खानपान संबंधी सलाह के साथ स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दे दी गई।
श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने कहा कि अस्पताल में अब जटिल सर्जरी की भी सुविधा उपलब्ध है, जिससे मरीजों को एक ही छत के नीचे बेहतर इलाज मिल सके और उन्हें अन्यत्र भटकना न पड़े। वहीं, संस्थान के निदेशक आरबीपी यादव ने डॉ. अमल पुष्प सिंह एवं उनकी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि महावीर आरोग्य संस्थान आम जनता को किफायती दरों तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत एडवांस लैप्रोस्कोपिक एवं आधुनिक लेजर सर्जरी की सुविधाएं लगातार उपलब्ध करा रहा है, ताकि अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकें।
