फुलवारीशरीफ, अजीत। बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ की प्रदेश इकाई द्वारा “शिक्षक सम्मान हमारा अभियान” के तहत पटना स्थित रविन्द्र भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बिहार के माननीय शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी का शिक्षकों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए. शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने शिक्षा मंत्री को अपनी प्रमुख मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और शिक्षकों की समस्याओं को विस्तार से रखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा देना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार गंभीरता से कार्य करेगी। फुलवारी प्रखंड की शिक्षिका नीतू शाही ने शिक्षा मंत्री को “शिक्षा के नाम एक पौधा” भेंट कर सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार के विद्यालयों में अलग-अलग नामों से कार्यरत शिक्षकों के कारण कई बार आपसी मतभेद की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने शिक्षा मंत्री से मांग करते हुए कहा कि “विद्यालय एक है तो शिक्षक का नाम भी एक होना चाहिए. समान काम के लिए समान वेतन लागू किया जाए और सभी शिक्षकों को एक समान पहचान मिले, ताकि विद्यालयों में बच्चों को समान और बेहतर शिक्षा मिल सके। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों ने भी एक स्वर में शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई।
