बिहार

विद्यालय पोषण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की टीम का पूर्णिया में शैक्षणिक भ्रमण

पूर्णिया, (न्यूज़ क्राइम 24) विद्यालय पोषण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग की टीम दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर पूर्णिया पहुंची। भ्रमण के प्रथम दिन टीम को जिला स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग, यूनिसेफ एवं बिहार राज्य के मध्यान भोजन की डिप्टी डायरेक्टर एवं अधिकारियों द्वारा अंकुरण कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं एवं इसके क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग (मध्याह्न भोजन योजना) के उप निदेशक एवं सहायक निदेशक, किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के सामुदायिक एवं परिवार चिकित्सा विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर तथा यूनिसेफ के पोषण विशेषज्ञ, पोषण अधिकारी एवं राज्य सलाहकार द्वारा पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड स्थित आदर्श रामानंद मध्य विद्यालय गढबनैली, एवं मध्य विद्यालय बिशनपुर का भ्रमण किया गया।

इस दौरान टीम ने विद्यालयों में संचालित विभिन्न पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। इनमें मध्याह्न भोजन योजना का क्रियान्वयन, पोषण वाटिका का रखरखाव, बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आयरन एवं फोलिक एसिड (IFA) की खुराक का वितरण, बच्चों का BMI मापन, पोषण वाटिका तथा अन्य विद्यालय आधारित पोषण गतिविधियां शामिल थीं।

भ्रमण के दौरान टीम ने इन गतिविधियों के व्यावहारिक क्रियान्वयन, व्यवस्थाओं एवं बेहतर संचालन की प्रक्रियाओं को स्थलीय स्तर पर समझा। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यालयों में संचालित पोषण एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा बेहतर कार्यप्रणालियों को समझना था।

इस अवसर पर बिहार यूनिसेफ की टीम, जिला स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग की टीम तथा मध्याह्न भोजन योजना के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने अध्ययन भ्रमण दल को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके साथ ही टीम ने फील्ड विजिट के बाद जिला पदाधिकारी के साथ मुलाकात कर अपना अनुभव साझा किया एवं कार्यक्रम की काफ़ी सराहना की और इस पैटर्न को अपने राज्य में लागू करने की बात कही।

Related posts

डॉ. इकबाल दुर्रानी ने सामवेद का हिंदी और उर्दू में किया अनुवाद, सुचिता सिंह ने दी बधाई

बराबर महोत्सव–2026 एवं पर्यटन विकास को लेकर जिला पदाधिकारी की महत्वपूर्ण बैठक

विकास योजनाओं की समीक्षा, जनकल्याणकारी कार्यों में तेजी लाने पर जोर